कचरा फ़ैलानेवालो को दी गई अनोखी सजा बनाये गये दुल्हा,बैंडबाजा के साथ निकाली गई बारात…..

पटना को स्वच्छ बनाने के लिए सोमवार को बैंडबाजा के साथ निकली बारात में मंगलामुखी शामिल हुईं। बैंड-बाजा के साथ गलियों में नृत्य की तथा शहर को गंदा करने वालों को फूल का माला पहनाकर दुल्हा बनाईं। सबसे पहले बाकरगंज के बजाजा गली में गाय का दूध दुहते अजय कुमार मिल गए। गली गोबर से गंदा मिला। मंगलामुखी उन्हें माला पहनाकर स्वागत की। बोलीं, आज के दुल्हा आप हैं। लोग ठहाके लगाने लगे। अजय बोले सफाई कर दूंगा। पटना नगर निगम वाले बोले कि गंदगी फैलाइएगा तो गाय जब्त कर लिया जाएगा।

फिर बारात वार्ड संख्या 34 के सभी कचरा प्वाइंटों तक गई। अशोक राजपथ में रमेश नाम का एक घरेलू सहायक कचरा लेकर जाते पकड़ में आ गया। बरात आगे बढ़ते गई और गंदगी फैलाने वाले एक-एक कर दुल्हा बनते गए। मंगलामुखी को देखने के लिए सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी।

पटना नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर मंगलामुखी ने किया अभियान का नेतृत्व….

कचरा प्वाइंट खत्म के दूसरे चरण के अभियान में वार्ड 34 में मंगलामुखी (किन्नर) गली-गली भ्रमण कर लोगों से कचरा नहीं फेंकने की अपील की। बरात में शामिल मंगलामुखी का नेतृत्व कर रही पटना नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर रेशमा प्रसाद ने कहा कि पटना को स्वच्छ रखें। जहां-तहां कचरा न फेंकें। इस बरात में पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार पंकज भी शामिल हुए।

कचरा फेंकने वालों का माला पहनाकर किया गया स्वागत….

सोमवार को पटना नगर निगम के 19 वार्डों में 189 जीवीपी प्वाइंट पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कचरा प्वाइंटों को स्वच्छ बना दिया गया है। कचरा फेंकने वालों को माला पहनाकर स्वागत किया गया। अधिकांश कचरा प्वाइंटों पर कचरा फेंकने वालों की सूची भी प्रदर्शित की गई। 189 कचरा प्वाइंटों पर 1618 लोगों का नाम कचरा फेंकने वालों की सूची में दर्ज है।

शहरवासियों से पटना को कचरा मुक्त बनाने की अपील की गई ….

पाटलिपुत्र अंचल की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा सिन्हा जगह-जगह भ्रमण कर नागरिकों से कचरा मुक्त शहर बनाने की अपील की। मुख्य सफाई निरीक्षक हरिकेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में वार्ड 38 में 14 लोगों को माला पहनाकर स्वागत किया गया। निगम कर्मी ढोल-झाल लेकर बजाते रहे। लोगों से कचरा नहीं फेंकने का अपील करते रहे।