असम में हुए आतंकी हमले में दो जवान हुए शहीद……

आज सुबह बिहार सहित पूरे देश के आवाम के आंखो को नम कर देने वाली खबर आई। बिहार के बांका जिले के बाराहाट प्रखंड के महुआ गांव के निवासी एवम् सेना के जवान सोनू कुमार असम में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए। इसकी सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनो ने बताया कि सोमवार की सुबह साथियों के साथ सोनू ड्यूटी पर जा रहे थे।

इसी दौरान आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें सोनू सहित दो जवान शहीद हो गए। सोनू के पिता रिटायर्ड सैनिक त्रिभुवन यादव एवं उनकी शिक्षिका मां सहित अन्य परिजन भागलपुर में रहते हैं। खबर मिलते ही घर पर स्थानीय लोगों की भीड़ इक्ट्ठा हो गई।

सोनू की पत्नी कविता देवी सुपौल जिले में बिहार पुलिस में कार्यरत है। सोनू की शादी 2018 में भागलपुर जीरोमाइल में हुई थी। शहीद जवान सोनू कुमार का एक ढाई वर्ष का पुत्र विभांशु कुमार है। सोनू के साथियों ने बताया कि वे काफी मिलनसार थे। कभी कभी छुट्टियों में घर आने पर सभी से मिलते जुलते थे। होनहार लाल के शहीद होने पर महुआ गॉव में मातमी माहौल से सन्नाटा पसरा हुआ है। आज देश के इन वीरों के बलिदानों और त्याग के आगे भारत का हर नागरिक नतमस्तक है।