पटना में कांग्रेस की नुक्कड़ सभा, सचिन पायलट ने कहा- बिहार में इस बार बदलाव की बयार

बिहार विधानसभा चुनाव का पहले चरण का मतदान समाप्त हो गया है। दूसरे चरण के प्रचार-प्रसार में राजनीति दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस कड़ी में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार लव सिन्हा के पक्ष में पटना के लांगरटोली चौराहे पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इस सभा में बोलते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नीतीश कुमार की निगाह हमेशा कुर्सी पर रही है। उन्होंने हमेशा ये सुनिश्चित किया कि वे मुख्यमंत्री कैसे बने रहें। कभी मोदीजी के साथ तो कभी लालूजी के साथ। लेकिन जनता उनकी नीतियों को भाप गयी है। इस बार बिहार में बदलाव की हवा बह रही है। मतगणना के बाद भारी मतों से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।

सचिन पायलट ने न केवल नीतीश कुमार की ओछी राजनीतिक हरकतों पर हमला बोला बल्कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग को लेकर भी सरकार पर सवालों की बौछार कर दी। वहीं उन्होंने कहा कि क्या जरूरत थी जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने का ? और अगर बना भी दिये तो फिर हटाने की क्या जरूरत थी ? नीतीश कुमार ने हमेशा लोगों को दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा वर्गों में बांटकर राजनीति की है। लेकिन आप लोगों को यही मौका है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनायें।

बांकीपुर से कांग्रेस उम्मीदवार लव सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 15 सालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमें बस एक मौका दीजिए, बिहार में बदलाव की बयार चल रही है। इसी बदलाव की बयार से बिहार का नया भविष्य लिखा जाएगा।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरूपम ने कहा कि बिहार के लोगों ने इस बार बदलाव का मूड बना लिया है। जनता इस बार नीतीश की सरकार का ेउखाड़ फेंकेगी।

आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज्य संगठन के अध्यक्ष असफर अहमद समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।