चारा घोटाला मामला ने बढ़ाई बिहार के राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें, आज लालू यादव होंगे रांची के लिए रवाना।।

राजद सुप्रीमो और चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता बिहार के जाने माने नेता लालू प्रसाद यादव रविवार 13 फरवरी यानि आज रांची पहुंचेंगे। दोपहर 12.30 बजे पटना से उनकी फ्लाइट है। यह फ्लाइट दोपहर 1.10 बजे रांची पहुंचेगी। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लालू यादव सीधे रांची मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिगृह जायेंगे।

इससे पूर्व वह रांची के होटल चाणक्या और रेलवे गेस्ट हाउस में ठहरते रहे हैं। पहले चर्चा थी कि वह 14 फरवरी को रांची आएंगे, लेकिन राजद नेताओं ने बताया कि लालू 13 फरवरी यानी रविवार को ही लालू यादव रांची पहुंच रहे हैं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला के अन्य चार केसों में इससे पूर्व सजा पा चुके हैं। अब लालू से जुड़े पांचवें केस के फैसले पर सबकी निगाह टिकी हुई है। इससे आनेवाले समय में लालू यादव का भविष्य तो तय होगा ही, बिहार की राजनीति भी प्रभावित होगी।

बता दें कि चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में सीबीआई की विशेष अदालत 15 फरवरी को फैसला सुनाने जा रही है। डोरंडा ट्रेजरी से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित 99 अभियुक्तों का भविष्य अदालत के फैसले पर टिका है। 90 के दशक का सबसे बड़े घोटाले में झारखंड में 53 मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें यह 52वां केस है जिसमें अदालत फैसला सुनाने जा रही है।