उत्तरप्रदेश: मोदी लहर के बाद भी सीट नही बच्चा पाए जेडीयू बाहुबली नेता धनंजय सिंह।

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना परिणाम जारी किया जा चुका है। बिहार के सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड की बात करें तो पार्टी की निगाहें उत्तर प्रदेश में खास तौर पर मल्हनी विधानसभा सीट पर टिकी हुई थी, जहां उसके प्रत्याशी व बाहुबली नेता धनंजय सिंह ने शुरुआती बढ़त बना ली थी। हालांकि, वहां समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने उन्हें पटकनी दिया है।

समाजवादी पार्टी की मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर विजयी लकी यादव, मुलायम सिंह के करीबी रहे पारसनाथ यादव के बेटे हैं। बाहुबली धनंजय सिंह के जेडीयू के टिकट पर मैदान में उतरने के कारण यह सीट चर्चा में रही। सपा की साख भी यहां दांव पर थी।

मल्हानी सीट पर बाहुबली धनंजय सिंह का प्रभाव रहा है। हालांकि, पिछले कुछ चुनावों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में धनंजय सिंह की पत्नी जागृति सिंह यहां से निर्दलीय उम्मीदवार थीं, लेकिन वे हार गईं। उस वक्त तक धनंजय और जागृति का तलाक नहीं हुआ था।

धनंजय सिंह का राजनीतिक सफर, एक नजर

बाहुबली धनंजय सिंह ने साल 2002 के विधानसभा चुनाव में रारी सीट पर पहली बार निर्दलीय जीत हासिल करने के बाद 2007 के अगले विधानसभा चुनाव में जेडीयू का दामन थामा और फिर जीत गए। मल्हनी सीट साल 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इससे पहले यह रारी सीट के नाम से जानी जाती थी। साल 2002 की जीत के बाद धनंजय बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती के साथ हो गए। साल 2009 में उन्होंने बीएसपी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीता। दो साल बाद उनका मायावती व बीएसपी से नाता टूट गया। इसके बाद वे राजनीति के हाशिए पर जाते दिखे। इसके बाद वे कई चुनाव हार गए तो उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हो गए। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में धनंजय सिंह एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व जेडीयू के करीब आ गए। पार्टी ने उन्हें मल्हनी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया।

जानिए कितने मुकदमे हैं दर्ज, कितनी है संपत्ति

धनंजय सिंह के खिलाफ कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से सात विचाराधीन हैं। वे मऊ के प्रखंड प्रमुख अजीत सिंह हत्याकांड के आरोपी हैं। वे राज्य के सर्वाधिक अमीर उम्मीदवारों में से भी एक हैं। उनके व उनकी पत्नी को मिला कर उनके पास 5.31 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी श्रीकला सिंह के पास कुल 7.80 करोड़ की अचल संपत्ति है। दंपती के पास 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास 10 करोड़ की चल संपत्ति भी है।