ठंड से बिहारवासियों को मिलेगी 1 से 2 दिन तक राहत, न्यूनतम तापमान में दर्ज की गई 1डिग्री की बढ़ोतरी।

बिहार के ऊपर से पश्चिमी विक्षोभ गुजरने और उच्च दबाव का एक क्षेत्र बनने से पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को दिन में हवा की रफ्तार कम थी। धूप में भी कुछ तपिश महसूस की गई, लेकिन शाम में उत्तरी और उत्तरी पछुआ की रफ्तार में वृद्धि दर्ज की गई जिससे लोगो को अधिक ठंड का अहसास हुआ। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री बढ़ गया और 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। लगातार तीसरे दिन राज्य का गया जिला सबसे सर्द रहा। यहां का न्यूनतम पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।

बुधवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि औसत अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो नॉर्मल से 1 डिग्री ज्यादा, जबकि भागलपुर का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। गया और पूर्णिया में सुबह में हल्का कुहासा छाया रहा। इन दोनों शहरों में विजिबिलिटी 800 मीटर, जबकि पटना में करीब 900 मीटर थी। बुधवार को सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फारबिसगंज में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था। फारबिसगंज के अलावा छपरा, गोपालगंज, पश्चमी चंपारण, जमुई, बक्सर, औरंगाबाद के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री या उससे कम की गिरावट दर्ज की गई।
आपको बताते चलें कि पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान में कोई खासा बदलाव होता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार से अगले दो से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। उसके बाद से तापमान में कमी होने की संभावना है। बिहार में एक-दो स्थानों पर कुहासा छाया रहेगा। आकाश साफ रहेगा। अगले तीन दिनों के लिए कोई अलर्ट नहीं है।