हीटवेव का बदला ट्रेंड, गया नही इस बार बक्सर रहा बिहार का सबसे गर्म जिला…..

बिहार में मौसमी परिस्थितियां बदल रही हैं। राज्य का नया हीट स्पॉट अब बक्सर हो गया है। अब तक गया और औरंगाबाद ही भीषण गर्मी के कारण चर्चाओ में रहते थे। मगर इस बार बक्सर में सबसे ज्यादा हीटवेव का असर रहा। मौसम की बदली परिस्थितियों की वजह से ऐसा हुआ है।

इस साल एक मार्च से 15 जून के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बक्सर में डेढ़ दर्जन से ज्यादा बार लू का कहर देखा गया। इसके बाद रोहतास जिला हीटवेव की चपेट में दूसरे नंबर पर रहा। बक्सर में पछुआ हवाओं के जोर से सबसे अधिक गर्मी पड़ी। हीटवेव का नया ट्रेंड आने से बक्सर के लोगों को कई बार भयंकर लू के चलते भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ा।

बक्सर में मौसमविदों को पहले तो लगा कि तापमान मापने वाले उपकरण में कोई खराबी है। मगर जब उपकरण की जांच कराई तो वो ठीक थे और तापमान की स्थिति ऐसी ही बनी रही। वहीं, हर साल सबसे ज्यादा भीषण गर्मी झेलने वाला गया इस बार हीटवेव के मामले में तीसरे और औरंगाबाद चौथे नंबर पर रहा। इसके अलावा जमुई, बांका, नवादा और नालंदा में भी भीषण गर्मी देखी गई। राजधानी पटना में भी इस सीजन आठ बार हीटवेव की स्थिति रही।
ऐप पर पढ़ें