11 सूत्री मांगो पर वार्ता के बाद टूटा 11 दिनों से चल रहा हड़ताल, पटना में कूड़े से परेशान लोग……

बिहार की राजधानी पटना में सफाई कर्मियों का हड़ताल आखिर समाप्त हो ही गया। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ 11 सूत्री मांगों पर बातचीत होने के बाद मंगलवार को नगर निकायकर्मियों ने अपने हड़ताल को स्थगित कर दिया। नगर निकायकर्मियों की पिछले 11 दिनों से हड़ताल चल रही थी। हड़ताल स्थगित होने के साथ ही शहरों में सफाईकर्मी कहीं कहीं नजर आने लगे हैं। मालूम हो कि हड़ताल के कारण शहर में जगह जगह कचरों का ढेर सा लग चुका है।

बुधवार यानी आज हड़ताल स्थगित करने संबंधी शपथपत्र पटना हाइकोर्ट में दिया जायेगा। चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने कार्यालय में बुला कर मांगों पर वार्ता की। उनका मांगों को लेकर सकारात्मक निर्णय रहा। दैनिक सफाईकर्मियों को स्थायी करने, समान काम का समान वेतन सहित अन्य प्रमुख मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने 13 सितंबर को मामले का समाधान करने की बात कही है।


हाइकोर्ट के आदेश और उपमुख्यमंत्री का आश्वासन मिलने के बाद नगर निगम मुख्यालय मौर्यालोक में हड़तालीकर्मियों से मशविरा के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। वार्ता में श्यामलाल प्रसाद, अमृत प्रसाद, रामयतन प्रसाद, मंगल पासवान आदि शामिल हुए।