नहीं रहे पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह, मोहाली में ली अंतिम सांस, ओलिंपिक फाइनल में सबसे ज्यादा 5 गोल दागने का वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी कायम

हॉकी के महानतम खिलाड़ियों में शुमार बलबीर सिंह सीनियर का आज सुबह 96 साल की उम्र में मोहाली में निधन हो गया। वे पिछले दो हफ्ते से यहां के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने सुबह साढ़े छह बजे अंतिम सांस ली।उन्हें 8 मई को निमोनिया और तेज बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्हें तीन बार दिल का दौरा भी पड़ा। दिमाग में खून का थक्का जमने की वजह से वे 18 मई से कोमा में थे।

ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे

बलबीर सिंह ने 1952 के हेलसिंकी ओलिंपिक के फाइनल में नीदरलैंड्स के खिलाफ 5 गोल किए थे। किसी ओलिंपिक फाइनल में सबसे ज्यादा गोल करने का उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। भारत ने यह मुकाबला 6-1 से जीता था।वे लंदन (1948), हेलसिंकी(1952) और मेलबर्न (1956) ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्हें अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक कमेटी ने आधुनिक ओलंपिक इतिहास के 16 महानतम खिलाड़ियों में शामिल किया था। वे इस लिस्ट में शामिल होने वाले, देश के इकलौते खिलाड़ी थे।

पद्मश्री हासिल करने वाले देश के पहले खिलाड़ी

बलबीर को 1957 में पद्मश्री दिया गया था। तब यह पहला मौका था, जब किसी खिलाड़ी को यह सम्मान मिला था। वे 1975 में इकलौता हॉकी वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर थे।