साल के आखिरी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी, ‘भारत इनोवेशन का हब बन रहा’,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आज 108वां एपिसोड प्रसारित हुआ..मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘108 अंक का बड़ा महत्व है। इसकी पवित्रता, एक गहन अध्ययन का विषय है। माला में 108 मनके, 108 बार जप, 108 दिव्य क्षेत्र, मंदिरों में 108 सीढ़ियां, 108 घंटियां, यह अंक असीम आस्था से जुड़ा है। इसलिए मन की बात का 108वां एपिसोड मेरे लिए और खास हो गया है। बीते एपिसोड में हमने जनभागीदारी के कई पड़ाव पार किए हैं। हमें अब नई तेजी से नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ना है।’ पीएम मोदी ने देशवासियों को नए साल 2024 की शुभकामनाएं दी।

मन की बात कार्यक्रम में बोले अभिनेता अक्षय कुमार

मन की बात कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा ‘मैं फिटनेस के लिए जितना जुनूनी हूं, उससे ज्यादा जुनूनी प्राकृतिक तरीके से फिट रहने के लिए हूं। मुझे ये फैंसी जिम से ज्यादा बाहर स्वीमिंग करना, बैडमिंटन खेलना, सीढ़ियां चढ़ना, मुग्दर से कसरत करना और अच्छा हेल्दी खाना पसंद है। मेरा ये मानना है कि शुद्ध घी अगर सही मात्रा में खाया जाए तो यह हमें फायदा करता है, लेकिन आजकल बहुत से युवा मोटे होने के डर से घी नहीं खाते। बहुत जरूरी है कि वह यह समझें कि क्या हमारी फिटनेस के लिए बुरा है और क्या अच्छा। डॉक्टर की सलाह से अपना लाइफस्टाइल बदलो ना कि किसी फिल्म स्टार की बॉडी देखकर। जैसे आप दिखते हो ना, उसे खुशी से स्वीकार करो। आज के बाद filter वाली life नहीं, fitter वाली life जियो।

महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर भी जुड़ी

मन की बात कार्यक्रम में महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर भी जुड़ी और उन्होंने पीएम मोदी से बातचीत में बताया कि ‘लगातार व्यायाम और 7 घंटे की पूरी नींद शरीर के लिए बहुत जरूरी है और फिट रहने के लिए मदद करती है। इसके लिए बहुत अनुशासन और निरंतरता की जरुरत होगी। जब आपको इसका नतीजा मिलने लग जाएगा तो आप रोजाना खुद ही एक्सरसाइज करना शुरू कर दोगे।’

देश पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना

इस साल हमने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। देश पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। जी20 का सफल आयोजन हुआ। आज देश का कोना-कोना आत्मविश्वास से भरा हुआ है। अगले साल भी हमें इस भावना को बनाए रखना है। आज भी कई लोग मुझे चंद्रयान-3 की सफलता के लिए संदेश भेजते रहे हैं। विशेषकर महिला वैज्ञानिकों की खूब तारीफ करते हैं। नाटू-नाटू ने ऑस्कर जीता को पूरा देश खुश हुआ। इस साल खेलों में भी हमारे एथलीटों ने बढ़िया प्रदर्शन किया। क्रिकेट वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कई खेलों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देश का मान बढ़ाया है।’

‘मन की बात’ कार्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित होता है।