किसान आंदोलन का आज चौथा दिन, किसानों का भारत बंद…दिल्ली के बॉर्डरों पर लगा भारी जाम, रेंगती दिखी गाड़ियां

लोकसभा चुनाव से पहले किसानों का आंदोलन तेज हो गया है…एक बार फिर पंजाब के किसानों मे दिल्ली कूच किया है…पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (16 फरवरी) चौथा दिन है। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संघ ने आज ग्रामीण भारत बंद बुलाया है। एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर आज किसानों का भारत बंद है। जिसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में पुलिस ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है…

हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बाजार बंद

बंद को देखते हुए गांवों में दुकानें बंद करने और किसानों के खेतों में काम न करने को कहा गया है। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बाजार बंद हैं। रोडवेज की बसें नहीं चल रही हैं। राजस्थान में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर है। BKU (चढ़ूनी) के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के कई टोल नाकों को 3 घंटे के लिए फ्री कराया।हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर किसानों ने फिर हंगामा किया। हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड के पास आने की कोशिश की।

दिल्ली के बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई

वहीं किसानों के दिल्ली रवाना को लेकर दिल्ली के बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तो वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिक की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। ‘ग्रामीण भारत बंद’ का आह्वान संयुक्त किसान और किसान मजदूर मोर्चा ने किया है। आज घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जरूर पढ़ लें। जानें आज कौन से रास्ते बंद हैं और किन रास्तों को डायवर्ट किया गया है..

राजधानी में पहले ही किसानों के मार्च के मद्देनजर सिंघू, टिकरी और गाजीपुर सीमाओं पर बैरिकेड की कई परतें लगा दी हैं। पिछले कुछ दिनों में यात्रियों को ट्रैफिक जाम की काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। दिल्ली-हरियाणा के सिंघु और टिकरी बॉर्डर, दिल्ली-गाजियाबाद के गाजीपुर बॉर्डर पर अत्यधिक भीड़ रह सकती है। ऐसे में यहां जाने से बचें। सिंघु और टिकरी बॉर्डर पहले से ही सील हैं। लोगों से दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने की सलाह दी है।

किसान नेताओं के साथ बैठक रहा बेनतीजा

वहीं, गुरुवार 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत ​भी बेनतीजा रही। बैठक देर रात में करीब साढ़े 5 घंटे चली। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे।अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।