
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में देशभर के डॉक्टरों का गुस्सा उफान पर है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान आपात सेवाएं जारी हैं, हालांकि ओपीडी बंद रहेंगी और वैकल्पिक सर्जरी को भी टाल दिया जाएगा। आईएमए के इस हड़ताल का असर कई राज्यों में दिखने लगा है। केरल, झारखंड, नगालैंड में डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की खबरें आईं हैं।
भारतीय चिकत्सा संघ (आईएमए) की हड़ताल का असर शनिवार को बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं पर देखने को मिला। हालांकि, इससे आपातकालीन सेवाओं पर असर नहीं पड़ा। आईएमए बिहार के प्रमुख सदस्य सहजानंद प्रसाद सिंह ने बताया कि हड़ताल सुबह छह बजे शुरू हुई और अगले चौबीस घंटे तक चलेगी। इस दौरान नियमित ओपीडी और अन्य सर्जरी नहीं होंगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि इस हड़ताल के दौरान सभी जरूरी सेवाओं को जारी रखा जाएगा और अस्पतालों में आपातकालीन मामलों का ध्यान रखा जाएगा। राजधानी पटला सहित बिहार के अन्य जिलों जैसे पूर्णिया और बेगूसराय में भी चिकित्सा सेवाओं पर हड़ताल का असर देखने को मिला है। डॉक्टरों ने पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या की कड़ी निंदा की और चिकित्सा पेशेवरों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा की मांग की।
महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के खिलाफ कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से श्याम बाजार तक विरोध मार्च निकाला गया। इसमें डॉक्टर और छात्र शामिल हुए।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोकन ने कहा, देश के हर कोने से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। अन्याय के खिलाफ डॉक्टर एकजुट होकर खड़े हैं। इमरजेंसी सेवाओं का ध्यान रखते हुए विरोध प्रदर्शन जारी है। हर जगह डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। हम सरकार से इस दिशा में कदम उठाने की उम्मीद करते हैं, क्योंकि यह सुरक्षा का एक बुनियादी सवाल है, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर। न केवल डॉक्टर्स के लिए बल्कि दोश की सभी महिलाओं के लिए।
उन्होंने आगे कहा, अब सरकार को जवाब देना है। हम उनसे मौलिक अधिकार मांग रहे हैं, जीवन का अधिकार। हम प्रधानमंत्री को भी लिखेंगे। उनके हस्तक्षेप का समय आ गया है। प्रधानमंत्री को पत्र लिखना बहुत उचित रहेगा और आईएमए ऐसा करेगा।
You must be logged in to post a comment.