शर्मनाक: नौकरी का झांसा दे रेलवे कर्मचारियों ने असहाय महिला का किया शोषण, महिला के एफआईआर पर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार…..

एक तरफ भारत में जहां महिला सशक्तिकरण की बात होती है, लिंग समानता की बात होती है, कई लोग, पार्टियां और संगठन महिलाओं के हक और इज्जत के लिए लड़ते नजर आते हैं, वहीं समाज में कुछ ऐसे दरिंदे भी नजर आते हैं जो दूसरो की मां, बहन एवम् बेटियों पर बुरी नजर रखते हैं और ऐसा घिनौना कुकृत्य करते हैं जिससे पूरा मानव समाज शर्मशार हो जाता है।

ऐसी ही एक घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बने फुटओवर ब्रिज के पास से सामने आई है। घटना 21 जुलाई की रात की बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक महिला का जानकार है। रेलवे के डीसीपी हरेंद्र सिंह ने बताया कि 30 साल की पीड़िता के साथ गुरुवार रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 8-9 पर इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस स्टाफ ने रेप की घटना को अंजाम दिया है। सभी 4 आरोपी रेलवे में इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारी हैं।

घटना 21 जुलाई की रात साढ़े बारह बजे (22 जुलाई) की बताई जा रही है। गैंगरेप की इस निंदनीय घटना को ट्रेन लाइटिंग हट में अंजाम दिया गया। फोन करने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि रेलवे स्टेशन के एक कमरे में दो लोगों ने उसके साथ रेप किया। यह कॉल पहले PS ODRS पर लगभग 02:27 बजे आई थी। वहां के कर्मचारियों ने फोन करने वाली महिला को खोजा, लेकिन वह वहां नहीं मिली। बताए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर पता चला कि महिला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8-9 पर खड़ी है।

पीड़िता ने बताया कि करीब 2 साल पहले वह एक कॉमन फ्रेंड के जरिए एक लड़के के संपर्क में आई थी। लड़के ने उससे कहा कि वह एक रेलवे कर्मचारी है और उसके लिए नौकरी की व्यवस्था कर देगा। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बात होने लगी। 21 जुलाई की रात आरोपी लड़के ने पीड़िता को फोन कर अपने पास बुलाया। आरोपी ने कहा कि उसके बेटे का जन्मदिन है, साथ ही उसने नया घर भी ख़रीदा है, इसी की पार्टी देनी है।

आरोपी द्वारा बुलाने पर पीड़िता रात करीब साढ़े दस बजे मेट्रो के जरिए कीर्ति नगर आई। जहां से आरोपी पीड़िता को प्लेटफार्म 8-9, पर ले आया। वहां आरोपी लड़के ने इलेक्ट्रिक मेंटेनेंस कर्मचारियों के साथ एक छोटे से रूम में बैठने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद आरोपी लड़का और उसके दोस्त कमरे के अंदर आए और उसे अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान उसके दो साथी कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे। पीड़िता ने जब इस घिनौने साजिश का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।

आरोपियों पर धारा 376D/342 IPC के तहत FIR दर्ज की गई है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सभी आरोपी रेलवे में इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश कुमार 35 वर्ष, पुत्र
महेन्द्र सिंह, निवासी वीपीओ जंदखेड़ा, थाना रामपुर मनिहारन, जिला- सहारनपुर (यूपी) विनोद कुमार पुत्र 38 वर्ष, पूरन चंद, निवासी 76, श्याम सिद्ध कॉलोनी, पश्चिम पंजाबी बाग, (नई दिल्ली)

मंगल चंद मीणा 33 वर्ष, पुत्र नरसी लाल मीणा निवासी वीपीओ रायसर, जिला जयपुर (राजस्थान) जगदीश चंद 37 वर्ष, पुत्र लेफ्टिनेंट बलराम, निवासी 96, ब्लॉक नंबर 7, खिकडीपुर, (दिल्ली) शामिल हैं।