PM मोदी आज शाम 6 बजे राष्ट्र को करेंगे संबोधित, त्योहारों को लेकर इन बातों पर जोर दे सकते हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसकी जानकारी मोदी ने खुद ट्विटर के जरिए दी। उन्होंने कहा, ’आज शाम छह बजे राष्ट्र के नाम संदेश दूंगा। आप जरूर जुड़ें।’ कोरोना वायरस महामारी के बीच प्रधानमंत्री मोदी पहले कई बार देश को संबोधित कर चुके हैं। यह उनका राष्ट्र के नाम सातवां संबोधन होगा। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री कोविड-19 और आने वाले त्योहारी सीजन के बारे में बात कर सकते हैं।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस का संकट जारी है। प्रधानमंत्री अपने हर संबोधन में लोगों से नियमों का पालन करने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने की अपील करते हुए नजर आते हैं। प्रधानमंत्री ने देश को जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं का मंत्र दिया है।

गौरतलब है कि देश में यह समय त्योहारों का है। आने वाले दिनों में लगातार त्योहार ही त्योहार हैं। इसे लेकर सरकार की तरफ से एक बार फिर सख्ती बरती जा रही है। बेशक कुछ दिनों से भारत में वायरस के दैनिक मामलों में कमी दर्ज की जा रही है लेकिन त्योहार के कारण बाजारों में भीड़ हो सकती है। इसके मद्देनजर सरकार लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है।