आरएसएस कर रही है युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से दिग्भ्रमित करने का काम- दिग्विजय सिंह

भारत जोड़ों यात्रा के संदर्भ में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा के सदस्य दिग्विजय सिंह, एआईसीसी मीडिया विभाग के चेयरमैन, राज्य सभा सदस्य जयराम रमेश एवं बिहार कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास , बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा तथा बिहार भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी प्रदेश अवधेश प्रसाद सिंह ने बिहार के नागरिक समाज एवं डेवलपमेंट सेक्टर के साथियों के साथ भारत के वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर एक संवाद एवं भारत जोड़ो यात्रा” स्थानीय जगजीवन राम संसदीय अध्धयन, पटना में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि वर्तमान समय में सिविल सोसायटी की भूमिका आज के समय में अत्यंत ही महत्वपूर्ण है।

अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम मानते है कि कांग्रेस ने बहुत ग़लतियाँ की होंगी, लेकिन कांग्रेस ने कभी सांप्रदायिक ताक़तों से हाथ नहीं मिलाया। उन्होंने कहा आज आरएसएस और भाजपा की सरकार ना सिर्फ़ संविधान की मर्यादा का उलंघन कर रही वरन् समाजिक संस्थाओं को भी प्रताड़ित कर रही। हर संस्थाओं पर धीरे धीरे आरएसएस के लोगों का क़ब्ज़ा हो रहा है। अगर जनता 2024 में भी नहीं चेती तो ना लोकतंत्र रहेगा और ना समाजसेवी संस्थायें।

उन्होंने आगे कहा कि सामाजिक संस्थाओं के लोग आज जेल में हैं, उनको आय के श्रोत पर कुठाराघात हो रहा है। आज अगर हम नहीं संभलेंगे तो कभी आगे नहीं संभल सकते। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं सिविल सोसायटी का सम्मान करता था, करता हूं और करता रहूंगा। आज देश में नफ़रत का बीज बोने का काम कर रही है गैर पंजीकृत संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ। यह संस्था आज युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से दिग्भ्रमित करने काम कर रही है ऐसे में यह आवश्यक है कि सिविल सोसायटी के कार्यकर्ताओं के द्वारा शैक्षणिक में जाकर युवाओं को सही दिशा देने का काम करें।


कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने भारत जोड़ो यात्रा के बारे में विस्तार से बताया कि यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है, यह यात्रा पूरे देश को जोड़ने के लिये है। राहुल गांधी रोज लगभग 23-25 किलोमीटर चल रहे और हज़ारों लोगों से मिल रहे। इसका फ़र्क़ पड़ रहा है। कांग्रेस के बिना विपक्षी एकता का कोई मायने नहीं है। कांग्रेस को केंद्र में रख कर ही विपक्षी एकता हो सकता है। कांग्रेस ने विपक्ष को बहुत कुछ दिया और अब कांग्रेस की बारी है, ये बात समझनी होगी। कांग्रेस मजबूत होगा तो विपक्ष भी मजबूत होगा। भारत जोड़ो यात्रा में आप सबों का स्वागत है।

जयराम रमेश ने संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में बांका से बोधगया तक 18 जिले में 28 दिसंबर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होगी। बाकी जिलों में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जाएगी और यह यात्रा कहीं न कहीं उस यात्रा में शामिल हो जाएगी। आज़ तक भारत जोड़ो यात्रा के पचपन प्रतिशत तक पूरा कर चुकी हैं।इस यात्रा में 30 सिविल सोसायटी के लोग चल रहे हैं साथ ही बिहार के पांच कांग्रेस कार्यकर्ता चल रहे हैं। मैं आप सभी को इस यात्रा के लिए निमंत्रण देता हूं।आप भी आईये और हमारे साथ चलिए। अभी मेधा पाटकर भी हमारे साथ इस यात्रा में शामिल हो रहीं हैं। इस यात्रा का मकसद चुनाव नहीं है। जो कांग्रेस के वर्षों से विरोध में रहें हैं वो हमारे साथ है। बिहार में पालिटिकल कान्सेयसनेश बहुत ज्यादा है जिसका हमें फायदा लेना है और एक मजबूत नेतृत्व वाला विपक्ष बनाना है। आइये हम सब मिलकर इस यात्रा में शामिल हो।


कार्यक्रम में भाग ले रहे सामाजिक संस्थाओं ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि एक समय हम कांग्रेस का विरोध करते थे लेकिन आज हमारे सामने कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है।लोकतांत्रिक जन मोर्चा की ओर से कंचन माला ने कहा कि बिहार में भी भारत जोड़ो यात्रा होनी चाहिए और इस यात्रा में सिविल सोसायटी ने पुरजोर समर्थन का आश्वासन दिया। फादर जोश ने कहा कि आज देश के वर्तमान परिप्रेक्ष्य में कांग्रेस ही देश को बचा सकती है।