बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस में गर्मजोशी तेज, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने लांच किया चुनाव गीत

बिहार चुनाव प्रचार में कांग्रेस भी अब पूरे दमखम से उतर गई है। चुनाव प्रचार को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी आज पटना पहुंचे। बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेसियों ने गर्म जोशी से उनका स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भूपेश बघेल ने प्रचार गीत को लॉन्च किया। कांग्रेस ने इस बार के चुनाव के लिए बोले बिहार बदले सरकार प्रचार गीत लॉन्च किया है।

मीडिया से बातचीत में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वो कर के दिखाती है।कांग्रेस पार्टी झांसा देकर वोट नहीं लेती है। आज देश में क्या स्थिति है।लोगों को सब्जबाग दिखाकर वोट ले लिया जाता है।बघेल ने कहा कि बिहार में भी इस बार बदलाव होना तय है। महागठबंधन का सत्ता में आना तय है. बिहार में कांग्रेस सत्तर सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसमें कम से कम 50 सीटों पर कांग्रेस जीतेगी.