बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की सातवीं सूची, अमरावती से नवनीत राणा लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने सातवीं लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में दो उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। इसमें महाराष्ट्र की अमरावती सीट से भाजपा ने नवनीत राणा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वे वर्तमान में इसी सीट से सांसद हैं। वहीं, कर्नाटक की चित्रदुर्ग सीट से भाजपा ने गोविंद करजोल को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने जिन दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान किया है, वे सुरक्षित सीटें हैं।

बता दें कि साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में चार निर्दलीय जीतकर संसद पहुंचे थे। इनमें से एक नवनीत राणा भी थीं। महाराष्ट्र की अमरावती सीट से निर्दलीय उतरीं नवनीत राणा 36,951 वोटों से चुनाव जीती।

गोविंद मुक्तप्पा करजोल अगस्त 2021 से मई 2023 तक कर्नाटक सरकार में प्रमुख और मध्यम सिंचाई, जल संसाधन मंत्री रह चुके हैं। वह मुधोल विधानसभा से पांच बार विधायक रहे हैं। करजोल 2018 से 2019 तक कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के उप नेता भी थे। इसके अलावा वह भाजपा के कर्नाटक प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं।

पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती हैं नवनीत

नवनीत राणा का नाम नवनीत कौर है। शादी के बाद से उन्होंने अपने नाम के आगे राणा जोड़ लिया। जानकारी के मुताबिक, नवनीत कौर और रवि राणी की मुलाकात योग गुरु रामदेव बाबा के आश्रम में हुई थी और इसके बाद उन्होंने साल 2011 में एक सामूहिक विवाह मंडप में रवि राणा से शादी कर ली। सांसद नवनीत का जन्म मुंबई के पंजाबी परिवार में हुआ है और उनके पिता आर्मी में थे।

रह चुकी हैं अभिनेत्री और मॉडल

महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचाने वाली अमरावती सांसद नवनीत राणा राजनीति में आने से पहले अभिनय की दुनिया में नाम कमा रही थीं। उन्होंने 12 वीं के बाद पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग में अपना करियर शुरू किया था। जानकारी के मुताबिक वह, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्म में भी काम कर चुकी हैं। कन्नड़ भाषा में बनी फिल्म ‘दर्शन’ से नवनीत ने अभिनय में अपना डेब्यू किया था।