पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने थामा TMC का दामन, मोदी सरकार पर बोला हमला, कहा- खतरे में देश की लोकतंत्र

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने कोलकाता में TMC भवन पहुंचकर तृणमूल का झंडा थामकर पार्टी की सदस्यता ली।

इस समय देश अद्भुत परिस्थिति से गुजर रहा है

तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘आज की जो घटना है उसके बारे में आपको अश्चर्य हो रहा होगा। सोच रहे होंगे कि जब मैंने खुद को दलगत राजनीति से अलग कर फिर मैं पार्टी में शामिल होकर एक्टिव क्यों हो रहा हूं। दरअसल, इस समय देश अद्भुत परिस्थिति से गुजर रहा है। अब तक जिन मूल्यों को हम बहुत महत्व देते थे, यह सोचकर चलते थे कि इस पर प्रजातंत्र में अमल करेंगे, आज उनका अनुपालन नहीं हो रहा है।’

आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई

उन्होंने कहा कि देश की लोकतंत्र खतरे में है और न्यायपालिका भी सरकार पर अंकुश नहीं लगा पा रही है. ऐसे में सबको अब आगे आना होगा. उन्होंने कहा, ‘प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए ये सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है।’