साक्षी महाराज को झारखण्ड के गिरिडीह में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन, सांसद ने जताई आपत्ति तो SDM ने दिया ये जवाब…

झारखंड के गिरिडीह में जिला प्रशासन ने भाजपा से उत्तर प्रदेश के उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज को पीरटांड़ के पास रोक लिया और 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया। गौरतलब है कि साक्षी महाराज गिरीडीह में धार्मिक कार्यक्रम में सम्मलित होने के बाद कार से धनबाद जा रहे थे।

बता दें कि सांसद साक्षी महाराज गिरिडीह के शांति भवन आए थे और यहां पर भक्तों से मिलने के बाद धनबाद जा रहे थे। इस बीच प्रशासन ने उनके वाहन को ओवरटेक किया और पीरटांड़ थाना के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। जिसके बाद एसडीएम प्रेरणा दीक्षित ने सांसद से कहा कि उन्हें क्वारंटाइन में रहना होगा। इसपर सांसद ने आपत्ति जताई और कहा कि वे सड़क मार्ग से आए हैं। ऐसे में उन्हें क्वारंटाइन में रहने की आवश्यकता नहीं है। इस पर एसडीएम ने साफ कहा कि राज्य के मुख्य सचिव का आदेश है  एवं उन्हें हर हाल में क्वारंटाइन में जाना होगा।

हालांकि राहुल कुमार सिन्हा, उपायुक्त गिरिडीह ने कहा है कि राज्य सरकार के आदेश और कोविड-19 के नियमानुसार सांसद साक्षी महाराज को क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है। वे 14 दिन क्वारंटाइन रहेंगे। सूचना थी कि वे दिल्ली से धनबाद आए। फिर वहां से गिरिडीह स्थित शांति भवन पहुंचे। यहां से जाने के क्रम में उन्हें पीरटांड़ में रोककर वापस लाया गया। फिलहाल वे शांति भवन में क्वारंटाइन हैं।