तेज हुई झारखंड की राजनीतिक हलचल, मुख्यमंत्री ने सभी विधायको को रांची में रहने का दिया निर्देश, कल हेमंत सोरेन विधायको के साथ करेंगे बैठक….

झारखंड के राजनीतिक हालात को देखते हुए विधायकों को राजधानी के आसपास ही रहने का निर्देश मिला है। राजनीतिक सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार इस वक्त अलर्ट मोड पर है। झारखंड के मुख्यमंत्री शनिवार को सभी यूपीए विधायकों के साथ बैठक करने वाले है। इसे लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने पार्टी विधायकों के साथ बुधवार को बैठक की थी। इसमें विधायकों से कहा था कि वे रांची के आसपास रहें। ऐसी जगह रहें, जहां से दो-चार घंटे के अंदर किसी सूचना पर राजधानी पहुंच जायें।

कांग्रेस के कई विधायक फिलहाल रांची में ही कैंप कर रहे हैं। कांग्रेस विधायकों का इस मामले में कहना है कि राजनीतिक हालात को देखते हुए ऐसा निर्देश पार्टी के द्वारा दिया गया है । झामुमो विधायक भी संपर्क में हैं। इधर, स्पीकर रबींद्रनाथ महतो और झामुमो विधायक निरल पूर्ति ने अपनी कनाडा यात्रा रद्द कर दी है। हालांकि महतो ने कहा कि उनकी तबीयत थोड़ी खराब है और क्षेत्र में सुखाड़ को देखते हुए उन्होंने अपनी यात्रा रद्द की है।



पिछले दिनों कोलकाता में विशेष चेकिंग अभियान में कांग्रेस के तीन विधायक कैश के साथ पकड़े गये थे़ इसके बाद राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया था। कांग्रेस के विधायकों पर आरोप है कि वे राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार का तख्ता पलटने की तैयारी में थे। इन विधायकों पर लगे आरोप की जांच कोलकाता सीआइडी कर रही है। देश के कई ठिकानों पर छापेमारी हुई है। कोलकाता पुलिस पूरे मामले को असम से जोड़ कर देख रही है। तीन विधायकों की गिरफ्तारी के बाद सत्ता पक्ष चौकस हुआ है़ आने वाले समय में किसी भी परिस्थिति से निपटने की रणनीति बनायी गयी है। कांग्रेस विधायकों के झारखंड नहीं छोड़ने के सवाल पर आलमगीर आलम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 20 अगस्त को विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें कांग्रेस विधायकों को मौजूद रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को झारखंड नहीं छोड़ने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। मैं उनके संपर्क में हूं।