प्रदेश में मंगलवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत तो मिली…परमौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी सर्दी का सितम जारी रहेगा….

प्रदेश में मंगलवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। बीते पांच दिनों से शीतलहर से परेशान लोगों के चेहरे खिल उठे। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी सर्दी का सितम जारी रहेगा। अगले दो दिनों तक राजधानी पटना सहित अन्य जिलों में शीतलहर और कड़ाके की ठंड रहेगी।

प्रदेश के कई जिले जम्मू से भी ठंडे रहे। मंगलवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि पटना का 8.0 डिग्री, सिवान का 5, गया का 6.7, सबौर का 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 जनवरी तक उत्तर बिहार के जिलों में आसमान साफ रहेगा। मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक ऐसे ही कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। लगातार पछिया हवा और सामान्य से कम तापमान रहने के कारण कनकनी अभी बरकरार रह सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। यह 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। सुबह में कुहासा छाया रह सकता है।

संभाबना है की कोहरे की चपेट में रहेगा पटना….

राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो पटना पिछले पांच दिनों से शीतलहर की चपेट में था। मंगलवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। सड़कों और पार्कों में रौनक देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।

कंपकंपी बढाती रहेगी पछुआ हवा….

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी सुनील कुमार के अनुसार फिलहाल, प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में कमी बनी रहेगी। दिन में देर से धूप खिलेगी। इससे दिन में राहत मिलेगी, लेकिन रातें सर्द होंगी। कोहरे का असर रहेगा। तेज गति से 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी।