प्याज की कीमतें बढ़ने के बाद सरकार ने प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से लगाया रोक

केंद्र सरकार ने सोमवार को प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। देश में प्याज की किल्लत को देखते हुए सरकार ने यह फैसला  घरेलू बाजार में इसकी लगातार बढ़ती कीमत को नियंत्रित करने के लिए लिया है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया, ‘प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाता है।’ डीजीएफटी वाणिज्य मंत्रालय का अंग है जो आयात-निर्यात संबंधी मामलों को देखता है।

गौरतलब है कि दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश के के कारण इस बार प्याज की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इसकी वजह से घरेलू बाजार में प्याज की कीमतें भी काफी बढ़ रही हैं। थोक मंडियों में आठ अगस्त के बाद से प्याज की कीमत बढ़ रही है।

बता दें कि भारत ने अप्रैल से जून के बीच करीब 19.8 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया है। पिछले साल 44 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया गया था। भारत से सबसे ज्यादा प्याज का निर्यात श्रीलंका, बांग्लादेश, मलयेशिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को होता है।

पहले भी लगाया था प्रतिबंध

भारत सरकार इससे पहले सितंबर 2019 में भी प्याज के निर्यात पर रोक लगाई थी। उस समय मांग और आपूर्ति में बहुत ज्यादा अंतर आ जाने की वजह से प्याज की कीमतें आसमान छूने लगी थीं। महाराष्ट्र प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों में से एक है, लेकिन भारी बारिश और बाढ़ के चलते प्याज की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था।