
कांटी की एक महिला ने जमशेदपुर के एक अस्पताल से बच्चा चुराने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम में काफी देर तक हंगामा होता रहा। एमजीएम अस्पताल के गायनिक वार्ड से मंगलवार दोपहर में नशे में धुत एक महिला ने नवजात को चुराने का प्रयास किया। वार्ड में तैनात महिला होमगार्ड जवान ने उक्त महिला को पकड़ लिया तो वह हंगामा करने लगी। नशे के कारण महिला आधे घंटे तक हंगामा करती रही। कभी वह रोती थी तो कभी हंसती थी। कहती थी कि सबको देख लेंगे।
महिला होमगार्ड जवान ने अपने अन्य साथी होमगार्ड जवानों को बुलाया और उसे काबू कर किसी तरह अस्पताल से बाहर निकाला गया। नशे के कारण महिला अपना नाम तक नहीं बता पा रही थी। उसक कोई अस्पताल में भी भर्ती नहीं था। काफी पूछने के बाद महिला ने अपना नाम किरण और पता कांटी, मुजफ्फरपुर बताया। जमशेदपुर में महिला किसी मोहल्ले में किराये के मकान में रहती है। लेकिन होमगार्ड जवानों को उसने अपना लोकल पता नहीं बताया। जवानों ने बताया कि उक्त महिला नशे में गायनिक वार्ड में घूम रही थी और एक नवजात को चुराने का प्रयास कर रही थी। वार्ड में भर्ती महिलाओं को शक हुआ तो इसकी जानकारी वार्ड में तैनात महिला पुलिस को दी। तब उसे पकड़ा गया।
You must be logged in to post a comment.