भोपाल में मोदी ने कहा- ‘कंपनी बन गई है कांग्रेस, अर्बन नक्सलियों के पास है इसका ठेका’

मध्य प्रदेश  समेत पांच राज्यों में  इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भोपाल में कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए जंबूरी मैदान पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस महाकुंभ में उमड़ी भीड़ बहुत कुछ कहता है…उन्होंने कहा कि  ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है।’

कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का भी था विरोध

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। आपको ध्यान होगा कि कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया था। आज भारत में रिकार्ड डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को यह भी पसंद नहीं है।

कांग्रेस को विकास पसंद नहीं

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को विकास पसंद नहीं है। वह जंग लगे लोहे की तरह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन इस वादे को वह पूरा नहीं सकी।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने मजूबरी में खट्टे मन से नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया। इसकी वजह यह है कि महिलाएं-बहनें जग गई हैं। इनकी नीयत में खोट है। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन महिलाओं को धोखा देने के लिए तैयार बैठे हैं। इसीलिए इन लोगों ने 60 साल तक विधेयक को पारित नहीं होने दिया।