अफगानिस्तान में भीषण भूकंप ने मचाई भारी तबाही, अबतक 2000 लोगों की मौत

earthquake

अफगानिस्तान में एक बार फिर भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। तालिबान प्रवक्ता का कहना है कि अफगानिस्तान के पश्चिम में शक्तिशाली भूकंप में अबतक 2,000 लोग मारे गए हैं। इस शक्तिशाली भूकंप के बाद बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई है।

465 मकान जमींदोज और 135 क्षतिग्रस्त

तालिबान के एक प्रवक्ता ने बताया कि 465 मकान जमींदोज हो गए हैं और 135 क्षतिग्रस्त हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा, ‘‘कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका की खबरों के बीच तलाश एवं बचाव अभियान जारी रहने के कारण साझेदारों तथा स्थानीय प्राधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान जताया है।’

इससे पहले अफगानिस्तान में 14 सितंबर को भी 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। मार्च में अफगानिस्तान में आए भूकंप में करीब 13 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 300 लोग घायल हुए थे। अफगानिस्तान में आखिरी बड़ा भूकंपी जून 2022 में आया था। इसकी तीव्रता 6.1 रही थी। पक्तिका प्रान्त में आए भूकंप में करीब हजार लोगों की मौत हुई थी। वहीं 1500 लोग घायल हो गए थे।