लक्षद्वीप मामले को लेकर मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, मालदीव के हाई कमिश्नर तलब, मालदीव में 3 मंत्री सस्पेंड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामला बढ़ता जा रहा है। सोमवार को मालदीव के हाई कमिश्नर को तलब किया गया। इब्राहिम शाहीब सुबह साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय पहुंचे। इस बैठक की डिटेल अभी सामने नहीं आई है।

EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड की

इससे पहले EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड कर दी हैं। रविवार देर रात EaseMyTrip के को-फाउंडर निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी दी।

मालदीव सरकार ने 3 मंत्रियों को किया निलंबित

इधर, रॉयटर्स के मुताबिक मालदीव सरकार ने अपने 3 मंत्रियों माल्शा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्लाह महजूम माजिद को निलंबित कर दिया है। इन्होंने ही PM मोदी और भारत के खिलाफ टिप्पणी की थी। साथ ही भारत की टूरिज्म सेक्टर में फेसेलिटीज को लेकर भी कमेंट्स किए थे।

इस बीच, सोशल मीडिया पर रविवार को दिनभर हैशटैग BoycottMaldives ट्रेंड हुआ। दूसरी तरफ बॉलीवुड एक्टर्स और नेटीजन्स ने लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने का समर्थन किया। इसके लिए लोगों ने भारत सरकार की तारीफ की और सोशल मीडिया पर #ExploreIndianIsland ट्रेंड कराया।

PM मोदी ने लक्षद्वीप दौरे का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें खूबसूरती के लिहाज से लक्षद्वीप अब मालदीव को टक्कर देता नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि लाखों रुपए खर्च कर मालदीव जाने से बेहतर है कि लक्षद्वीप जाएं।

मालदीव में राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के सत्ता संभालने के बाद भारत के साथ रिश्तों में खटास आई है। मुइज्जू चीन समर्थक माने जाते है। वो अपने देश से भारतीय सैनिकों को निकालने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मालदीव में भारतीय सेना की मौजूदगी के खिलाफ ‘इंडिया आउट’ का नारा दिया था और इसे लेकर कई प्रदर्शन भी हुए थे।