48 साल की महिला से 60 साल के बुजुर्ग को हुआ प्यार, महिला ने किया इंकार तो बुजुर्ग ने महिला पर फेंका तेजाब।

बेतिया में 60 साल के बुजुर्ग को 48 साल की महिला से प्यार हो गया। बच्चों को लेकर दोनों के रिश्ते में थोड़ी दूरियां आई तो उसने महिला पर एसिड फेंक दिया। एसिड अटैक से महिला का चेहरे, पेट और पीठ जल गया है। मामला नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र के बरगजवा गांव का है।

गुरुवार रात महिला अपने घर में सो रही थी। तभी वो आया और एसिड फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह परिजन घायल अवस्था में महिला को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को बेतिया रेफर कर दिया।

महिला ऑन कैमरा प्रेम प्रसंग की बात से कर रही इनकार

पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि गांव के ही कासिम मियां ने उसके ऊपर तेजाब फेंका है। महिला ने बताया कि गुरुवार को गांव के ही कासिम मियां और उसके घर के बच्चों के बीच विवाद हुआ था। देर रात जब वह घर में सोई थी तो उस पर तेजाब फेंक कर कासिम मियां भागने लगा। हालांकि उसने कासिम मियां को देख लिया और शोर मचाने लगी। लेकिन वह फरार हो गया। हालांकि, महिला कैमरे पर प्रेम प्रसंग की बात को इनकार कर रही है। ऑफ कैमरा प्रेम प्रसंग का मामला ही बता रही है।

कासिम मियां से था महिला का अफेयर

आरोपी कासिम मियां ने बताया कि 12 साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई। इसी बीच दोनों का अफेयर शुरू हुआ। करीब दो साल तक दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। दो साल बाद दोनों के बच्चों के हस्तक्षेप के बाद ब्रेकअप हो गया। इसके बाद कभी भी दोनों एक दूसरे के तरफ पलट कर नहीं देखे। एक गांव होने के कारण कभी सामना हो जाता तो हालचाल पूछकर अपने-अपने रास्ते चले जाते थे।

बुजुर्ग ने कहा- बच्चों के विवाद का आरोप गलत

बुजुर्ग ने बताया कि दोनों बच्चे बड़े हो गए हैं और एक दो बच्चों की शादियां भी हो गई है। महिला के पुत्र विदेश में हैं। ऐसे में बच्चों का विवाद में तेजाब फेंकने का आरोप लगाना समझ से परे है। बुजुर्ग ने पुलिस के समक्ष अपनी सफाई में बताया कि तेजाब किसी दूसरे ने फेंक कर उसको फंसा दिया है। वहीं नरकटियागंज शिकारपुर प्रभारी थानाध्यक्ष शकील अहमद ने बताया कि महिला के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला को इलाज के लिए बेतिया भेजा गया है।