दहेज से कब मिलेगा छुटकारा, लालच ने छीनी एक मासूम की जिंदगी, दहेज में नही मिली गाड़ी तो पति ने गला घोंट कर ले ली पत्नी की जान…..

औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के आगे एक किराए के मकान में रह रही विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान यूपी के बलिया जिला के चितबाड़ा थाना के कारो डेरा गांव निवासी अनु कुमारी के रूप में की गई है। उसकी शादी आरा जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के झागा मठिया गांव निवासी सिपाही धर्मेंद्र कुमार गिरी से हुई थी।

ससुराल वाले गाड़ी और पैसों की कर रहे थे मांग, प्रताड़ित करने का भी आरोप….

मृतका की मां मीना देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 30 अप्रैल 2021 को बिहार पुलिस के सिपाही धर्मेंद्र कुमार गिरी से हुई थी। शादी के बाद से ही चार पहिया वाहन की मांग हो रही थी। उन लोगों ने एक बाइक भी दे दी लेकिन इसके बावजूद उनकी बच्ची को प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज में गाड़ी और पैसों की मांग हो रही थी। नहीं देने पर कई दिनों तक मारपीट की गई। रविवार को उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। उनकी बेटी के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं।

मृतका के पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार…..

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मृतका की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में आरोपित सिपाही धर्मेंद्र कुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और आरोपी को जेल भेजा जाएगा। औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि 48 घंटे के अंदर सिपाही को सस्पेंड किया जाएगा। उस पर विभागीय कार्रवाई भी होगी और सेवा से बर्खास्त भी किया जाएगा।

पति ने कहा मैं हूं निर्दोष पत्नी ने किया आत्महत्या….

अनु कुमारी की मौत का मामला हत्या और आत्महत्या के बीच में झूल रहा है। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पति धर्मेंद्र कुमार गिरी ने इन आरोपों का खंडन किया है। सदर अस्पताल में मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार गिरी ने बताया कि वे रविवार की शाम सोकर उठे और बैरक में चले गए। इसके बाद बाहर चले गए। जब लौटे तो दरवाजा बंद था। उन्होंने बार-बार आवाज दी लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद खिड़की से झांक कर देखा तो उनकी पत्नी फांसी के फंदे से झूल रही थी। इसके बाद उन्होंने फंदे को काट कर उसे उतारा और सदर अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। वह कई सालों से बिहार पुलिस में हैं और शादी के बाद पत्नी के साथ रहते हैं।

मृतका के परिजनों ने देवर और पति पर लगाया गंभीर आरोप…..

मृतका अनु कुमारी की मां ने कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को उसका देवर भी तंग करता था। वह अपने साथ रखने के लिए कहता था और यह बात उसे बिल्कुल पसंद नहीं थी। इस बात को लेकर भी विवाद हुआ था। आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई। फोन पर उनकी बेटी ने कई बार घर ले जाने की गुहार लगाई थी। मृतका के चाचा ने भी आरोपों की पुष्टि की और कहा कि उनकी भतीजी को परेशान किया जाता था। इसकी जानकारी घर पर मिलती थी।

घटना से एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
अनु कुमारी ने घटना से एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। बताया गया कि शनिवार की रात उसका जन्मदिन मनाया गया था। रविवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं अनु के पति ने बताया कि पत्नी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। शनिवार की रात सब कुछ ठीक था और रविवार को भी विवाद जैसी कोई बात नहीं हुई।