भारत-चीन विवाद पर अमेरिका बोला-उम्मीद है दोनों देश आपस में विवाद सुलझा लेंगेबोला-उम्मीद है दोनों देश आपस में विवाद सुलझा लेंगे

भारत और चीन के बीच जारी सीमा विवाद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बयान दिया है। ट्रंप ने उम्मीद जताते हुए कहा कि भारत और चीन अपने वर्तमान सीमा विवाद को सुलझा लेंगे। उन्होंने एक बार फिर दो एशियाई देशों की मदद के ऑफर को दोहराया। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मुझे पता है कि अब चीन और भारत को कठिनाई हो रही है। उन्हें बहुत कठिनाई हो रही है। उम्मीद है कि वे इसपर काम करने में सक्षम होंगे। यदि हम मदद कर सकें तो हमें मदद करके अच्छा लगेगा।’

भारत और चीन के बीच कई दफा हो चुकी है बातचीत

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब एक दिन पहले भारत और चीन के सैन्य कमांडरों ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर महीनों से जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए बातचीत की है। दोनों देश हिमालय में विवादित सीमा पर अधिक सैनिकों को न भेजे जाने पर सहमत हो गए हैं। इसी बीच द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि सीमा संघर्ष भारत को एक असममित (असिमेट्रिक) प्रतिक्रिया के लिए प्रेरित कर रहा है।
अखबार ने कहा, ‘भारत नए जहाजों के निर्माण के दौरान अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ संयुक्त नौसैनिक युद्धाभ्यास तेज कर रहा है। साथ ही तटीय निगरानी चौकियों का एक नेटवर्क स्थापित कर रहा है जो नई दिल्ली को हिंद महासागर के समुद्री यातायात पर नजर रखने की इजाजत देगा।’