मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति एवं पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ का निधन, प्रधानमंत्री मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया दुख

मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री सर अनिरुद्ध जगन्नाथ का निधन हो गया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए भारत सरकार ने एक दिन का (शनिवार) राजकीय शोक रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मॉरीशस के समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ से बात की और उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में कहा, मैंने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ से फोन पर बात की और सर अनिरुद्ध जगन्नाथ के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्हें हिंद-प्रशांत क्षेत्र के सबसे बड़े नेताओं में से एक के तौर पर और भारत और मॉरीशस की खास मित्रता के प्रमुख वास्तुकार के तौर पर याद किया जाएगा। बता दें कि जगन्नाथ को पिछले साल ही भारत सरकार ने ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय मूल के स्व. जगन्नाथ की आधुनिक मॉरीशस के निर्माण में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। संघर्ष का सफर तय करते हुए वे मॉरीशस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचे थे। भारत सरकार ने उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण सम्मान से भी सम्मानित किया था। उनकी पहचान एक जनप्रिय नेता की रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 में मॉरीशस यात्रा के दौरान उनसे काफी आत्मीय मुलाकात रही थी। वे जब 2010 में बिहार आए थे उस वक्त भी उन्होंने हमारे साथ कई महत्वपूर्ण पल साझा किये थे।

नीतीश कुमार ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उनके साथ बिताये पल आज भी अंतरमन में जिंदा हैं। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति एवं उनके परिजनों और प्रशंसकों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।