देश के गृह मंत्री अमित शाह का आज जन्मदिन, PM मोदी, CM योगी सहित अन्य नेताओं ने दी शुभकामनाएं

देश के गृह मंत्री और मौजूदा दौर के राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह की आज जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पीयूष गोयल तक अन्य नेताओं ने उन्हें ट्विटर के जरिए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

गृह मंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ’श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की बधाई। हमारा राष्ट्र उस समर्पण और उत्कृष्टता को देख रहा है जिसके साथ आप भारत की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। भाजपा को मजबूत बनाने के आपके प्रयास भी उल्लेखनीय हैं। ईश्वर आपको लंबे समय तक देश की सेवा करने और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दे।’

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

यूपी के मुख्यमंत्री ने लिखा, ’जनप्रिय राजनेता, अद्भुत संगठनकर्ता, जुझारू एवं कुशल रणनीतिकार, राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने वाले यशस्वी गृह मंत्री आदरणीय श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं, प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’