गर्मी से तबाह मानव जीवन पर अब टूटा भयंकर बाढ़ का कहर, पढ़िए पूरी खबर।

देश में एक तरफ जहां गर्मी के कहर से मानव जीवन अस्त व्यस्त हो त्राहि त्राहि कर रहा है तो वही दूसरी तरफ असम में आई बाढ़ ने हाहाकार का माहौल उत्पन्न कर दिया है। राज्य के कई हिस्से में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से सामान्य जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण असम की बराक घाटी और दीमा हसाओ जिले समेत पड़ोसी राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में सड़क और रेल संपर्क मंगलवार को बेपटरी होता नजर आया।

वर्तमान में असम राज्य बाढ़ की चपेट में है और इससे अब तक 20 जिलों के करीब 2 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 11 लोगों की अभी तक मौत भी हो चुकी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद पूर्वोत्तर राज्य इस साल बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ की वजह से नदियों के जल स्तर भी धीरे-धीरे भयानक स्वरूप धारण करने लगे हैं।

पूर्वोत्तर में आई बाढ़ के बाद अब तक के हालात?

– अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि क्षेत्र के सीमावर्ती राज्य अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद सोमवार को चार लोगों की मौत हो गई। राज्य की राजधानी ईटानगर में एक छोटी पहाड़ी पर उनके घर गिरने से दो अन्य की मौत हो गई। वहीं एक अन्य स्थान पर भूस्खलन होने की वजह से सड़क निर्माण में लगे दो लोगों की मौत हो गई।

बड़े पैमाने पर भूस्खलन और जलभराव के कारण राज्य के पहाड़ी इलाकों में रेलवे ट्रैक, पुलों और सड़क संचार को भारी नुकसान हुआ है, जिसके कारण असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कई हिस्सों में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

– असम के जिलों में लगभग 2 लाख लोग राज्य के बाकी हिस्सों से भी कटे हुए हैं क्योंकि सड़कें और पुल या तो भूस्खलन से अवरुद्ध हो गए थे या बह गए थे। इन इलाकों में संचार माध्यम भी बंद कर दिए गए हैं।

– राज्य में बाढ़ से कुल 811 गांव प्रभावित हैं, जबकि 1,277 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं और 5,262 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हैं। बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने के बाद कई लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है और उन्होंने स्कूलों और ऊंचे इलाकों में शरण ली है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक इस क्षेत्र में भारी से भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसके साथ-साथ मौसम विभाग ने बुधवार के लिए असम में रेड अलर्ट जारी किया है।