BJP का विजन डॉक्यूमेंट : 5 साल में 19 लाख रोजगार का वादा, मेडिकल-इंजीनियरिंग में होगी हिंदी

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरूवार को अपना वीजन डॉक्यूमेंट जारी कर दिया। केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसे जारी किया। इस वीजन डॉक्यूमेंट में भाजपा ने 5 सूत्र, एक लक्ष्य और 11 संकल्प लिया है।

  1. सभी को मुफ्त कोरोना वैक्सीन
  2. तीन लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति
  3. आईटी सेक्टर में 5 लाख से ज्यादा रोजगार
  4. 50,000 करोड़ से 1 करोड़ महिलाएं बनेंगी स्वावलंबी
  5. स्वास्थ्य विभाग में 1 लाख नौकरी
  6. 2024 तक दरभंगा एम्स का संचालन
  7. 30 लाख लोगों को 2022 तक पक्का मकान
  8. हिंदी भाषा में मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत तकनीकी शिक्षा
  9. अगले दो सालों में 15 दुग्ध प्रोसेसिंग उद्योग की स्थापना
  10. मछलियों के उत्पादन में बिहार बनेगा नंबर वन राज्य
  11. मक्का, फल, सब्जी, चूड़ा, मखान, पान, मसाला, शहद, औषधीय पौधों के लिए सप्लाई चेन

वीजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादा किया है, हम उसे पूरा करेंगे। कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौर में भी हमने खामी का अहसास होने नहीं दिया। हमने गरीबों को मुफ्त में अनाज दिया। अब बिहार में 100 प्रतिशत बिजली उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट 2 लाख करोड़ हो गया। अभी 96 प्रतिशत लोगों को पक्का मकान मुहैया करवाया गया है।

चुनावी घोषणा पत्र के लोकार्पण समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल, बिहार चुनाव प्रभारी पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्रियों में रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय व अश्विनी कुमार चौबे, राज्य सरकार के मंत्रियों में डॉ. प्रेम कुमार व नंद किशोर यादव मौजूद रहे।