अनंत सिंह की हत्या की साजिश कर रही है राज्य सरकार- बंटू सिंह।

बिहार में अनंत सिंह को पटना के बेउर जेल से हटाकर भागलपुर केंद्रीय कारा ट्रांसफर करने की तैयारी की जा रही है। सरकार की इस कार्रवाई से मोकामा विधायक के हनुमान कहे जानेवाले बंटू सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

उन्होंने कहा है कि सरकार द्वारा हमारे विधायक के साथ जो कुछ भी किया जा रहा है, हमलोग बहुत जल्द ही उसका करारा जवाब देंगे।

राजद प्रवक्ता ने अनंत सिंह को जान का खतरा बताया। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी हत्या की साजिश रच रही है। बहुत जल्द ही इस साजिश का खुलासा करूंगा। जिसके बाद सरकार की बोलती बंद हो जाएगी।

बंटू सिंह ने कहा कि उन्हें लगता है कि सिर्फ उनकी ही जाति में आईएएस-आईपीएस हैं। मैं उनको बता देना चाहता हूं कि उनसे ज्यादा आईपीएस-आईएएस हमारी जाति से हैं। यह सभी हम लोगों के साथ हैं। अगर वह यह समझते हैं कि वह जाति-जाति कर सकते हैं तो हम भी उनसे कहीं से कम नहीं हैं। इस दौरान बंटू सिंह ने सरकार को चैलेंज दिया कि अगर हमारे विधायक को कुछ हुआ तो उसका करारा जवाब सरकार को मिलेगा।

बंटू सिंह ने कहा कि बिहार में मौजूदा सरकार का पायजामा उतर गया है। सिर्फ कुर्ता से ही अपनी इज्जत ढंके हुए है। यहां कैसा सुशासन चल रहा है, इस बात को जनता अच्छी तरह से समझ गई है। इनके पास सिर्फ एक ही काम रह गया है कि दूसरे का घर फोड़ना और उनमें लड़ाई लगवाना।

बंटू सिंह यही पर नहीं रूके। उन्होंने जगदानंद सिंह के बेटे अजीत सिंह के जदयू में शामिल होने को लेकर कहा कि लोग अपने घर परिवार की इज्जत दूसरे के घरों में बेच रहे हैं।

उनको शर्म आनी चाहिए। उनकी पहचान पिता से ही है। कौन जानता था उनको। सब उनको राजद का ही बता रहे हैं।