ईडी के सवालों के चक्रव्यूह में फंसते नजर आए राहुल गांधी,…

कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए ईडी के दफ्तर पहुंच चुके हैं। प्रियंका गांधी भी उनके साथ में हैं। इसके अलावा दिग्विजय सिंह, पी. चिदंबरम और भूपेश बघेल समेत तमाम सीनियर नेताओं को पुलिस ने बाहर ही रोक दिया। इसके अलावा पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को करीब एक किलोमीटर दूर ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी की पेशी के खिलाफ हल्लाबोल कर रहे हैं।

राहुल गांधी से खातों का ब्यौरा मांगेगी ईडी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी राहुल गांधी से बैंक खातों, संपत्ति, विदेश में बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े कई सवाल करने जा रही है। इनमें आपके कितने बैंक खाते हैं? किस किस बैंक में आपके खाते हैं? क्या विदेश में भी कोई बैंक खाता है? समेत कई सवाल शामिल हैं।

23 जून को भी होगा हल्ला बोल
कांग्रेस ने अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की पेशी के दौरान भी हल्लाबोल की बात कही है। इस बात की पुष्टि कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने की है।

हिरासत में लिए जा रहे हैं कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ नेताओं ने ED दफ्तर तक पैदल मार्च का ऐलान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। ऐसे में पुलिस अब कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणदीप सुरजेवाला को भी हिरासत में लिया गया है। इस दौरान एक कार्यकर्ता को गिरने की वजह से चोट भी लगी।