नीतीश कुमार आज अपनी समाधान यात्रा को लेकर बक्सर जाएंगे…जहां वो विकास कार्यों का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे…

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश इन दिनों समाधान यात्रा पर निकले हुए हैं। इस दौरान वह राज्य के उन तमाम जिलों में जा रहे हैं जहां इससे पहले की यात्रा में वह नहीं  गए हैं। सीएम की यह यात्रा मकर संक्रांति की छुट्टी और सोमवार को जनता दरबार लगाने के बाद नए शेड्यूल के मुताबिक तय किया गया है।  नीतीश कुमार आज अपनी समाधान यात्रा को लेकर बक्सर जाएंगे। जहां वो विकास कार्यों का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

13 जनवरी को सीएम की समाधान यात्रा में बदलाव कर दिया गया था। कैबिनेट विभाग की तरफ से समाधान यात्रा का नया शेड्यूल जारी किया गया था। नए शेड्यूल में समाधान यात्रा को लेकर कई बदलाव किए गए हैं। उसी शेड्यूल के मुताबिक सीएम आज बक्सर जाएंगे और वहां सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सीएम चक्की प्रखंड के हेनवा, सिमरी प्रखंड के कठार, बक्सर परिसदन और समाहरणालय जाएंगे। उनके आगमन को लेकर साफ-सफाई और साज-सज्जा का काम पूरा हो चुका है। जिले के विभिन्न इलाकों में बैनर-पोस्टर और जेडीयू के झंडे लगाए गए हैं।

सीएम के आज के मिनट टू मिनट कार्यक्रम के मुताबिक, वह सुबह 10:30 बजे पटना से बक्सर के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान करेंगे। तकरीबन 12:00 बजे दिन में वह चक्की प्रखंड अंतर्गत नेनवा गांव के वार्ड संख्या 11 में पहुंचेंगे, जहां वह महादलित बस्ती का भ्रमण करेंगे और तालाब और विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। दिन में 12:20 पर वहां सिमरी प्रखंड के कठार गांव के निकट जैविक कृषि स्थल के लिए रवाना होंगे, जहां वह 12:25 पर पहुंचेंगे और जैविक कृषि का निरीक्षण करेंगे। दिन में तकरीबन 12:55 बजे मुख्यमंत्री बक्सर परिसदन के लिए रवाना हो जाएंगे। दिन में 1:25 पर उनके बक्सर परिसदन सदन में आगमन का समय निर्धारित किया गया है।
 सीएम परिसदन में कुछ देर आराम करने के बाद  2:30 बजे नए परिसदन भवन का शिलान्यास करेंगे। दिन में 2:40 पर वह समाहरणालय के लिए प्रस्थान करेंगे जहां दिन में 2:45 से 3:40 तक वह सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभुकों और जीविका दीदियों के साथ संवाद करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोपहर 3:45 से 4:30 तक वह बक्सर के विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस दौरान जिला पदाधिकारी अमन समीर आरक्षी अधीक्षक मनीष कुमार समेत तमाम जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।  इसके बाद दिन में 4:35 पर वह सड़क मार्ग से ही पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर जेडीयू और महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।