सम्राट चौधरी ने नीतीश पर हमला बोला, कहा दो-दो लोग PM पद का दावा कर रहे,तो नीतीश जी का विपक्षी एकता मिशन कैसे सफल होगा?

बिहार में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गुरुवार को दिल्ली हुई विपक्षी दलों की बैठक पर तंज करते हुए कहा कि सारे भ्रष्टाचारी दिल्‍ली में जमा हो रहे हैं। दरअसल, सम्राट चौधरी ने यह टिप्पणी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हुई मुलाकात पर की।

भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्‍ली में जाकर नीतीश कुमार लालू के पैरों पर गिर पड़े। इसके बाद वे कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को खुश करने में लग गए। फिर राहुल गांधी और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरी से भी मिलने पहुंच गए।

चौधरी ने कहा कि अगर आप इन नेताओं को देखें तो सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। ये लोग देश में भ्रष्टाचार का प्रतीक हैं। क्या विपक्षी एकता मिशन में नीतीश कुमार सफल होंगे? इस सवाल के जवाब में सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर दो-दो लोग प्रधानमंत्री पद का दावा कर रहे हैं तो नीतीश कुमार का विपक्षी एकता मिशन कैसे सफल होगा?

सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर उन लोगों ने सर्वसम्मति से एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री पद और विपक्षी दलों के चेहरे के लिए चुना होता तो यह तार्किक होता, लेकिन वे वास्तव में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। ऐसे में विपक्षी एकता कैसे सफल होगी?