पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण

पंजाब सरकार ने राज्य की महिलाओं को लेकर बड़ा फैसला किया है। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि अब राज्य की सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा।

पंजाब की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक दिन

उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाओं के लिए ये एक ऐतिहासिक दिन है। मंत्रिपरिषद ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33प्रतिशत आरक्षण को मंजूरी दी है। ये फैसला बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही राज्य सरकार ने पंजाब सिविल सेवा (रिजर्वेशन ऑफ पोस्ट्स फॉर वीमेन) नियम, 2020 को मंजूरी दे दी. ताकि पदों पर सीधी भर्ती के लिए महिलाओं को आरक्षण दिया जा सके।

इन योजनाओं को भी मिली मंजूरी

समयबद्ध तरीके से अदालती मामलों/कानूनी मामलों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए, पंजाब कैबिनेट ने पंजाब सिविल सचिवालय (राज्य सेवा वर्ग- ।।।) नियम, 1976 में संशोधन करके क्लर्क (कानूनी) कैडर के गठन के लिए सफलतापूर्वक भर्ती की भी मंजूरी दे दी है।

रोजगार योजना 2020-22 को भी मंजूरी

इसके अलावा कैबिनेट ने स्टेट रोजगार योजना, 2020-22 को भी मंजूरी प्रदान की है, जिसके तहत साल 2022 तक प्रदेश के एक लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा. इस योजना के तहत सरकारी विभागों में खाली पड़ पदों पर तेजी से नियुक्तियां की जाएगीं. सीएम अमरिंदर सिंह ने 2021-22 तक चरणबद्ध तरीके से 1 लाख जॉब भी देने का वादा किया है।