कहां जाए बेगूसराय का हिंदू, पाकिस्तान या बांग्लादेश- गिरिराज सिंह।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के बेगूसराय के रजौड़ा की घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन पर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि रजौड़ा के लोगों ने देखा है कि प्रशासन के लोग सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाल रहे हैं। ताकि सच्चाई को छुपाया जा सके लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो सकेंगे। बीजेपी नेता ने कहा कि आपके पास ताकत है, पुलिस और प्रशासन है इसलिए सच्चाई को सामने आने दें। जो लोग भी कसूरवार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करें।

अस्पताल में घायलों से मिले गिरिराज सिंह।

गिरिराज सिंह ने घटना में घायल हुए लोगों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण समाज की शांति भंग हो रही है। समाज में सामाजिक समरसता टूट रही है। इस मामले में लीपापोती नहीं होनी चाहिए। सरकार और प्रशासन को बताना चाहिए कि आखिर बेगूसराय का हिंदू कहां जाएगा?

कहां जाए बेगूसराय का हिंदू?

गिरिराज सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और बिहार के मुख्यमंत्री बताएं कि आखिर हिंदू कहां रहने जाएं। जो पाकिस्तान गए, वह मारे गए और उनका धर्म परिवर्तन हुआ। बांग्लादेश में प्रतिमा और मंदिरतोड़ी जा रही है। रजौड़ा में इतनी बड़ी बात हो गई और प्रशासन लीपापोती करने की कोशिश कर रहा है, ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।

“अगर न्याय नहीं मिला तो गांव-गांव जाकर इंसाफ के लिए भीख मांगूंगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने न्याय नहीं दिया और दोषियों को नहीं पकड़ा तो मैं लोगों के बीच जाऊंगा और न्याय के लिए भीख मांगूंगा”।

क्या है रजौड़ा का मामला?

दरअसल स्कूल में दो बच्चों के मामूली विवाद में शुक्रवार की शाम मुफस्सिल थाना के रजौड़ा गांव में एक पक्ष के लोगों ने दुकान पर हमला कर दुकानदार समेत कई लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद से गांव में अभी भी तनाव का माहौल है। डीएसपी के नेतृत्व में कई थानों के पुलिस अधिकारी और पुलिस के जवान गांव में कैम्प कर रहे हैं।