भाजपा ने बेगूसराय बंद का किया आह्वाहन, सवा घंटे का खूनी खेल, कांप गया 25 किलोमीटर का इलाका, एक के बाद एक 10 लोगो पर बरसी गोलियां……….

बेगूसराय में मंगलवार शाम को बाइक पर सवार दो सनकी मनचलों के द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां बरसायी गयी। बाइक चला रहा सिरफिरा राह चलते लोगों को गोली मारता गया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि नौ लोग घायल हो गये। करीब सवा घंटे तक सिरफिरा बदमाश हवा में तमंचा लहराता रहा और एक के बाद एक कई लोगो पर गोलियां बरसाता रहा। लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। भाजपा ने बेगूसराय गोलीकांड के विरोध में आज बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। सांसद गिरिराज सिंह भी आज यानी बुधवार को बेगूसराय आने वाले हैं।

क्यों भाजपा ने किया बेगूसराय बंद का आह्वाहन…..

मंगलवार को बाइक पर सवार दो सनकी युवकों ने चकिया से लेकर बछवाड़ा तक फायरिंग की। इस दौरान 10 राहगीरों को उसने गोली मारी। एक की मौत भी हो गयी है। ये युवक पुलिस से बेखौफ थे और सवा घंटे तक एनएच 28 पर करीब 25 किलोमीटर की दूरी तक गोलीबारी करते रहे। रास्ते में उन्हें जो मिला उसपर गोली दाग दी। हैरत की बात है कि करीब सवा घंटे तक यह उपद्रव जारी रहने के बाद भी जिला पुलिस इस घटना से अनजान बनी रही। बेगूसराय में बढ़ते अपराध की घटनाएं और सनकी बदमाशों के द्वारा 10 लोगों को गोली मारने के इस घटना के विरोध में भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। भाजपा जिले में चक्का जाम करेगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने महागठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए अपराधियों के बेलगाम होने का आरोप लगाया है।

सांसद गिरिराज सिंह आएंगे बेगूसराय
मंगलवार की घटना के बाद जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। पुलिस अपराधियों के धर-पकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है। एसपी का दावा है कि जल्द ही पुलिस इस घटना का उद्भेदन करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार करेगी। उधर भाजपा के कद्दावर नेता सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह भी बुधवार को बेगूसराय आने वाले हैं। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से ये जानकारी दी है।