
जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज सम्पतचक में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं राजकीय मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। जहाँ व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी।
डीएम डॉ. सिंह द्वारा 12.05 बजे अपराह्न में कस्तूरबा गाँधी बालिका आवासीय विद्यालय, सम्पतचक का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि यह औचक निरीक्षण था, उसके बावजूद व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी। मालूम हो कि विद्यालय में कुल 92 बच्चियाँ नामांकित हैं, जो परिसर में ही स्थित मध्य विद्यालय में पढ़ने गयी थीं। उनका मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन पकाया जा रहा था, जिसमें दाल, चावल, सब्जी तथा सलाद शामिल है। साफ-सफाई की स्थिति अच्छी है। वाटर फिल्टर खराब है जिसे डीएम डॉ सिंह द्वारा अविलंब ठीक कराने का निदेश दिया गया। सीसीटीवी कार्यरत है। अंशकालिक शिक्षिका के तीन स्वीकृत पद के विरूद्ध मात्र एक शिक्षिका कार्यरत है जो उपस्थित थी। डीएम डॉ सिंह ने निर्देश दिया कि रिक्त दो पदों पर नियोजन/पदस्थापन/प्रतिनियुक्ति हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी विशेष प्रयास करेंगे। निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त, पटना, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी,पटना, प्राचार्य, मध्य विद्यालय, सम्पतचक, वार्डेन एवं अन्य भी उपस्थित थे। डीएम डॉ सिंह ने कहा कि व्यवस्था संतोषजनक है।
इससे पूर्व डीएम डॉ सिंह ने राजकीय मध्य विद्यालय, सम्पतचक का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में कुल 16 शिक्षक पदस्थापित हैं। पठन-पाठन की अच्छी स्थिति पाई गई। बता दे डीएम डॉ सिंह ने स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त को विद्यालय में नल से जल का कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालय का गेट एवं बाउंड्री वाल को बनाने का भी निर्देश दिया गया।
डीएम डॉ सिंह ने कहा कि प्रशासन को सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के लिए वे समय-समय पर योजनाओं, कार्यक्रमों एवं संस्थाओं का औचक निरीक्षण करते रहते हैं तथा आवश्यकतानुसार सुधार हेतु कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
You must be logged in to post a comment.