दीपावली से पहले नितीश कुमार ने राज्यकर्मियों को दिया बड़ा तोहफा महंगाई भत्ते में 4 % वृद्धि की मिली मंजूरी………

दीपावली से पहले नीतीश सरकार ने राज्यकर्मियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार के सरकारी सेवकों और पेंशनभोगियों की महंगाई भत्ता चार प्रतिशत बढ़ा दी गई है। राज्य कैबिनेट ने इस चार प्रतिशत की वृद्धि की मंजूरी दे दी है। इस बढ़े हुए भत्ता का लाभ एक जुलाई, 2022 के प्रभाव से मिलेगा। इससे राज्य सरकार का सालाना 863 करोड़ अतिरिक्त खर्च होगा। इस वृद्धि का लाभ चार लाख से अधिक कार्यरत कर्मियों और तीन लाख पेंशनधारियों को मिलेगा।

राज्य के 11 जिलों के 96 प्रखंडों के 937 पंचायतों के 7841 गांव सूखाग्रस घोषित कर दिये गये हैं। इन क्षेत्रों में 30 प्रतिशत से अधिक की बारिश में कमी और 70 प्रतिशत के कम क्षेत्र में फसल लगे हैं। राज्य सरकार ने क्षेत्रवार आकलन कर यह निर्णय लिया है। आपदा प्रबंधन विभाग के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई।

इन 11 जिलों के क्षेत्र सूखाग्रस्त

जिन जिलों के गांव सूखाग्रस्त घोषित हुए हैं, उनमें जहानाबाद, गया, औरंगाबाद, शेखपुरा, नवादा, मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई और नालंदा शामिल हैं।

बाढ़ प्रभावितों को भी मिलेगी सहायता

कैबिनेट ने यह भी फैसला किया है कि अक्तूबर माह में हुई अधिक बारिश और विभिन्न जगहों पर आई बाढ़ से प्रभावित फसल को लेकर भी किसनों को सहायता दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही सर्वेक्षण का काम शुरू होगा। सर्वेक्षण के बाद प्रभावित परिवारों को कृषि इनपुट अनुदान दिया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद सहायता राशि दी जाएगी।