अनंत सिंह के जुड़वे बेटों की हो सकती है राजनीति में एंट्री, मोकामा में नीलम देवी की जीत ने अनंत सिंह के समर्थको में जगाया उत्साह…

सियासी दंगल में बाहुबली और पूर्व राजद विधायक अनंत सिंह का गढ़ कहे जाने वाले मोकामा में उनकी पत्नी नीलम देवी ने मैदान फतेह कर लिया है। 2005 से लगातार छोटे सरकार के नाम से पुकारे जाने वाले अनंत सिंह का मोकामा पर कब्जा रहा है। सजा होने के बाद वो जेल में हैं लिहाजा उनकी पत्नी चुनावी मैदान में थीं। नीलम देवी ने भाजपा प्रत्याशी सोनम देवी को 16 हजार से ज्यादा वोटों से मात दी। जीत के जश्न के बीच अनंत सिंह के पटना आवास पर एक अलग चर्चा होती रही। ये चर्चा अनंत सिंह के जुड़वा बेटों की राजनीति में एंट्री को लेकर हुई।

मोकामा उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी की जीत का जश्न समर्थकों ने जमकर मनाया। अनंत सिंह के पटना वाले आवास पर भोज का आयोजन किया गया। लेकिन इस दौरान दो युवकों पर सबकी नजरें टिकी रहीं। ये दोनों नीलम देवी के साथ हर वक्त दिखे। अनंत के करीबी और उनके आवास पर आने जाने वाले तो दोनों युवकों को पहचानते थे। लेकिन आम लोगों को उन दोनों युवकों के बारे में जानने की उत्सुकता देखी गई। मोकामा विधायक नीलम देवी के साथ उनके जुड़वा बेटे अभिषेक और अंकित की पहली बार सक्रियता सामने आई। जीत के बाद लोगों का अभिवादन करते नजर आए। जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई कि क्या अनंत सिंह के जुड़वा बेटे भी सियासत में एंट्री करेंगे? पालिटिकल साइंस के स्टूडेंट हैं दोनों

बिहार के बाहुबली अनंत सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। लेकिन उनके जुड़वा बेटे के बारे शायद कम ही लोग जानते होंगे। अभिषेक और अंकित अनंत सिंह के जुड़वा बेटे हैं। इनके जन्म में तकरीबन 1.15 सेकेंड का फर्क है। दोनों पालिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन कर रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों भाई नोएडा में रहते हैं। मां नीलम देवी की जीत का जश्न मनाने नोएडा से पटना पहुंचे थे। राजनीति में एंट्री के सवाल पर दोनों ने कहा कि अभी पढ़ाई चल रही है आगे जो होगा देखा जाएगा।