आरा में दिखा कुत्ते का आतंक.. 1 दिन में 50 व्यक्तियों को काटा….

बिहार के भोजपुर जिले के पीरो बाजार में घूम रहे गली के एक आवारा कुत्ते ने शनिवार को करीब 50 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया है। पीड़ितों में पीरो थाना में कार्यरत एक महिला सिपाही भी शामिल हैं। कुत्ते के काटने से जख्मी लोगों का पीरो अस्पताल में जमावड़ा लगा रहा। पीरो के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि शनिवार की दोपहर से देर शाम तक पीरो अस्पताल में चार दर्जन से अधिक लोग कुत्ते के काटने से जख्मी होकर पीरो अस्पताल पहुंचे। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने तत्परता दिखाई और यहां सभी पीड़ित लोगों को एंटी रैबीज की वैक्सीन दी गई।

बताया जाता है कि नवरात्र और दशहरा मेला का मौका होने के कारण शनिवार को पीरो बाजार में काफी भीड़भाड़ थी। शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी काफी संख्या में लोग आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए पीरो बाजार में आये हुए थे। इसी क्रम में बाजार में घूम रहे एक कुत्ते ने पीरो नगर के वार्ड 13 निवासी विनोद गुप्ता, वार्ड 17 निवासी हैदर खान, वार्ड 8 निवासी शेख इस्तेखार, वार्ड 10 निवासी अभिषेक केशरी, वार्ड 16 निवासी साहेब उपाध्याय, वार्ड 17 निवासी कलावती देवी, बसौरी गांव निवासी गुप्तेश्वर सिंह, पीरो के वार्ड 15 निवासी राबिया खातून, वार्ड 13 निवासी अफरोज खान, वार्ड 25 निवासी चंद्रशेखर कुमार, वार्ड 15 निवासी सोनी कुमार, वार्ड 8 निवासी फरदीन खान, टीपू खान, कुसम्ही निवासी अजय कुमार समेत चार दर्जन से अधिक लोगों को काट लिया।

कुत्ते ने 6 वर्षीय साक्षी कुमारी, 4 वर्षीय तौफीक खान जैसे कई छोटे बच्चों को भी अपना शिकार बनाया। एक साथ इतनी अधिक संख्या में लोगों को कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटना से स्थानीय लोगों में कुत्ते को लेकर दहशत का माहौल बन गया है। पीरो के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा अखिलेश कुमार ने बताया कि डॉग बाइट का शिकार हुए सभी लोगों को एंटी रैबीज की वैक्सीन दे दी गई है। पीरो अस्पताल में एंटी रैबिज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।