उत्तर बिहार सहित कई जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर बिहार सहित कई जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके अनुसार गुरुवार को अररिया और किशनगंज जिले को रेड जोन में रखा है। वहीं पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान सारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा को ऑरेंज जोन में रखा गया है।

दक्षिण बिहार से गुजर रही है ट्रफ लाइन

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दक्षिण बिहार से गुजर रही टर्न ऑफ लाइन उत्तर बिहार की ओर शिफ्ट होगी। साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से आ रही नमी युक्त हवाओं का उत्तर बिहार में मिलन होगा। इस वजह से भारी बारिश की ऐसी स्थिति बनी है।

बाकी हिस्सों में चढ़ रहा पारा

राजधानी पटना में जहां अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा वहीं पारे में भी उतार चढ़ाव भी होता रहेगा। वहीं गया में बादल छाए रहने की उम्मीद हैं। साथ में रुक-रुक कर बारिश भी हो सकती है। जबकि पूर्णिया और भागलपुर में गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। पूर्णिया और भागलपुर में वज्रपात के भी आसार हैं। पटना में बुधवार की देर रात कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई उसके बाद से गुरुवार को दिनभर गर्मी और उमस की स्थिति बनी रह सकती है। बता दें कि पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गया में पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री तक पहुंच गया। पूर्णिया का पारा भी 34.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि गुरुवार से पूर्णिया और भागलपुर में पारे में गिरावट के आसार है। अगले दो तीन दिनों में दक्षिणी बिहार में एक दो जगहों पर ही हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति रहेगी।

क्या होता है रेंज और रेड अलर्ट 

सरल भाषा रेड जोन का मतलब इन इलाकों में कई जगहों पर भारी से भारी बारिश होगी। साथही बारिश से जनजीवन पर भारी असर पड़ सकता है। जबकि ऑरेंज जोन का मतलब गरज-तड़क के साथ एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

बतादें कि शुक्रवार को राज्य के लगभग 10 जिले रेड जोन में है। इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा में भारी से भारी बारिश की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को 10 जिलों में रेड अलर्ट के अलावा सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर दरभंगा, वैशाली, शिवहर समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। यानी इलाकों में गरज-धड़क के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में वज्रपात के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले 48 घंटों में मौसम की अनुमानित स्थिति से राज्य सरकार को अवगत करा दिया गया है।