MP की 230 सीटों पर 71.16 प्रतिशत वोटिंग, छत्तीसगढ़ में 5 बजे तक 67.34% वोटिंग, गरियाबंद में नक्सलियों के IED ब्लास्ट में ITBP का जवान शहीद

मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 71.16 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 82 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम आलीराजपुर जिले में 56.24% वोट पड़े।

कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट

भोपाल में मतदान केंद्र हिंद कॉन्वेंट स्कूल में विवाद का एक वीडियो सामने आया। जिसमें मंत्री विश्वास सारंग युवक पर हाथ उठाते हुए नजर आए। इंदौर-4 विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। वीडियो में भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह भी मारपीट करते नजर आ रहे हैं। छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा की गाड़ी चला रहे पार्षद की कुचलने से मौत हो गई। इस मामले में बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके 18-20 साथियों पर केस दर्ज किया गया है।

उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो रायसेन के सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हरदा में पोलिंग बूथ पर करंट से एक युवक की जान चली गई।

छत्तीसगढ़ में 5 बजे तक 67.34% वोटिंग

वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 70 सीटों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया। अब जो लोग बूथ के अंदर रह गए हैं, वही मतदान कर सकेंगे। शाम 5 बजे तक 67.34% वोटिंग हुई है। सबसे कम मतदान 58.83% रायपुर में हुआ है। मतदान खत्म होने के बाद नक्सल प्रभावित गरियाबंद की बिंद्रानवागढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर ITBP का जवान जोगिंदर सिंह शहीद हो गया है।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा, बधाई छत्तीसगढ़! आप सब अपनी जीत सुनिश्चित कर चुके हैं। जो लोग बचे हुए हैं, उनको मतदान करने के लिए कहिए। अब जीत का अंतर बढ़ाना है। बस थोड़ा सा और दम और 2018 से बड़ी जीत ला रहे हैं हम। वहीं रमन सिंह ने कहा कि, सुना है ढाई-ढाई साल वाले दोनों मुंगेरीलाल मुख्यमंत्री पद के सपने देख रहे हैं।