लोकसभा चुनाव में पांचवें चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों पर मतदान कल, चिराग, रूड़ी, रोहिणी समेत ये दिग्गज हैं मैदान में

लोकसभा के पांचवे चरण में दो केंद्र शासित प्रदेशों और छह राज्यों की कुल 49 सीट पर मतदान होगा। इस चरण में 82 महिलाओं समेत कुल 695 उम्मीदवारों मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला 8.95 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे।

शनिवार की शाम इस चरण के लिए प्रचार का शोर थम गया। इस चरण में कई प्रमुख राजनेता अपनी सियासी विरासत को बचाने का प्रयास करेंगे। सुचारू ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए 94 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।

पांचवे चरण में ये दिग्गज मैदान में

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व साल 2004 से उनकी मां सोनिया गांधी कर रही थीं। राहुल केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं और अब यह देखना होगा कि क्या वह दोनों सीट पर जीत हासिल कर पाते हैं। पिछले आम चुनाव में राहुल गांधी ने अमेठी से चुनाव लड़ा था लेकिन इस सीट पर वह भाजपा की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। कांग्रेस ने स्मृति ईरानी को टक्कर देने के लिए अपने समर्पित कार्यकर्ता केएल शर्मा को इस सीट से मैदान में उतारा है।

वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य सारण से चुनावी मैदान में हैं। उधर, महाराष्ट्र की 13 सीट पर सोमवार को मतदान होगा। हाई-प्रोफाइल उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल शामिल हैं। कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन यह एक ऐसी लड़ाई भी है जो यह तय करेगी कि शिवसेना के किस गुट के पास मतदाताओं का ज्यादा समर्थन है।

बिहार के हाजीपुर में लोजपा (राम विलास) नेता चिराग पासवान अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की विरासत को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। रामविलास ने हाजीपुर सीट कई बार जीती थी। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ चौथे चरण के साथ 13 मई को शुरू हुए थे। पांचवें चरण में राज्य की कुल 21 लोकसभा सीट में से पांच और 35 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इस चरण में 49 लोकसभा सीट के लिए कुल 695 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इन राज्यों की इतनी सीट पर मतदान

इस चरण में बिहार की 5, झारखंड की 3, महाराष्ट्र की 13, ओडिशा की 5, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की 7 और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की 1-1 सीट पर मतदान होगा। 49 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों 39 सामान्य, तीन अनुसूचित जनजाति, और सात सीटें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित।