
बड़ी खबर आरा शहर से आ रही है जहां मनचले अपराधियों के द्वारा दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या की यह घटना शहर के टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा इलाके की बताई जा रही है। मृतक की पहचान विक्की उर्फ शशिकांत सिंह के रूप में हुई है जो कि आरा के पूर्व वार्ड पार्षद रहे महेंद्र सिंह के पुत्र बताए जाते हैं।
शशिकांत उर्फ विक्की जिनकी उम्र 42 साल बताई जा रही है मूल रूप से आरा शहर के जैन कॉलेज गेट स्थित कनकपुरी मोहल्ले में रहते थे। शुक्रवार की सुबह वो अपनी बुलेट बाइक से आरा-पटना रोड पर कहीं जा रहे थे इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के पास शूटर्स ने इस हत्या की घटना को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से आरा में एक बार फिर से हड़कंप की स्थिति मच गई है।
घटना के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं लग सका है। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। हाल के दिनों में यह पहला मौका नहीं है जब आरा में दिनदहाड़े हत्या की किसी घटना को अंजाम दिया गया हो। इससे पहले भी आरा शहर में एक व्यवसायी हरि जी गुप्ता, रिटायर्ड शिक्षक और युवक की भी सरेआम हत्या कर दी गई थी। हत्या की इस घटना ने शहर की विधि-व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिये हैं।
You must be logged in to post a comment.