कुछ ही देर में एनडीए से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू करेंगी अपना नामांकन, इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी और योगी सहित शामिल होंगे के कई दिग्गज नेता….

भारत में राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दिल्ली पहुंचीं। कुछ ही देर में वह नामांकन दाखिल करेंगी। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार किये गये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे। 64 वर्षीय मुर्मू पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करती नजर आ सकती है राष्ट्रपति पद के लिए उनका मुकाबला विपक्ष के साझा प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से होना है।

ये लोग पहुंचे संसद भवन

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का नामांकन भरने से पहले केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जनरल वी. के. सिंह (सेवानिवृत्त), भूपेंद्र यादव, गिरिराज सिंह और BJD नेता डॉ. सस्मित पात्रा संसद भवन पहुंचे है। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का नामांकन दाखिल करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संसद पहुंचे।

पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की जानकारी ट्विटर पर किया साझा….

दिल्ली पहुंचते ही मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उनके राष्ट्रपति पद के नामांकन को समाज के सभी वर्गों ने पूरे देश में सराहा है। जमीनी समस्याओं और भारत के विकास के लिए उनकी समझ उत्कृष्ट है। इससे पहले, जेपी नड्डा ने ओड़िशा के सीएम नवीन पटनायक से मुर्मू द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किये जाने के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया। पटनायक ने अनुपलब्धता के लिए खेद जताते हुए अपने मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों, जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू को मुर्मू के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करने और नामांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा है।

झारखंड से अर्जुन मुंडा समेत आठ सांसद और विधायक बने द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगरमी तेज है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश, सांसद समीर उरांव, सुनील सिंह, सुनील सोरेन, सुदर्शन भगत, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बने हैं। मुर्मू शुक्रवार को राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन करेंगी।