गुरुद्वारा परिसर में ही कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए… इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर नोकझोंक और हाथापाई हुई…

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब  पहुंचते ही उस वक्त थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब गुरुद्वारा परिसर में ही कांग्रेस कार्यकर्ता  आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर नोकझोंक और हाथापाई हुई, जिससे थोड़ी देर के लिए गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंहऔर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेमचंद्र मिश्रा  की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कांग्रेस कार्यकर्ता के आपस में उलझते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों गुट के लोगों को शांत कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेमचंद्र मिश्रा की बात भी नहीं सुनी और आपस में बहस करते रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह के नेतृत्व में जैसे ही भारत जोड़ो यात्रा का जत्था तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचा, प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को गुरु के दरबार में दर्शन कराए जाने को लेकर दो कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई, और देखते ही देखते दोनों कार्यकर्ताओ में हाथापाई भी शुरू हो गई। इस दौरान दोनों कार्यकर्ताओं के समर्थक भी आपस में उलझ गए। बाद में पुलिस ने आपस में भिड़े कार्यकर्ताओं को अलग कराया।